Sonbhadra News: नधिरा मोड़ पर कार और टेंपो की भीषण टक्कर, दो की मौत, मासूम समेत एक दर्जन घायल.
बभनी थाना क्षेत्र में नधिरा मोड़ के पास कार और टेंपो की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। टेंपो सवार लोग धरती डांड से किरविल में विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे। घायलों को बभनी और म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि एक घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
sonbhadra
7:15 PM, Oct 20, 2026
Share:


रेणुकूट–बीजपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर, घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाते स्थानीय लोग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के मोड़ के पास मंगलवार को कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक 12 वर्षीय किशोर और 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी और म्योरपुर पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग धरती डांड से किरविल में आयोजित विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार लोग घायल हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायलों को दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार और 23 वर्षीय राजकुमारी पत्नी उदय खरवार को मृत घोषित कर दिया। बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नधिरा टोला निवासी 35 वर्षीय अंजली पत्नी राजेश खरवार और धरती डांड निवासी 25 वर्षीय सुनील गुप्ता पुत्र भोलानाथ समेत अन्य घायलों का उपचार किया गया। सुनील गुप्ता की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, 28 वर्षीय मंजू, डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति सहित अन्य घायलों का उपचार किया गया। विजयादशमी का मेला देखने जा रहे लोगों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।



