Sonbhadra News: राहुल गांधी के अपमान के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प.
जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बढ़ौली चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन 19 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा किए गए विरोध कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तस्वीर के साथ कथित अभद्रता के विरोध में आयोजित किया गया।
sonbhadra
6:40 PM, Apr 22, 2026
Share:


बढ़ौली चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान, प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बढ़ौली चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन 19 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा किए गए विरोध कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तस्वीर के साथ कथित अभद्रता के विरोध में आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, तस्वीर पर कालिख पोतने और चप्पल मारने जैसी हरकत न केवल राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। इस मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों ने 19 अप्रैल को ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में 22 अप्रैल को जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता बढ़ौली चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जैसे ही कार्यकर्ता पुतला दहन के लिए आगे बढ़े, पुलिस प्रशासन ने बलपूर्वक पुतला छीनने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन को चार अलग-अलग थानों की भारी पुलिस बल तैनात करनी पड़ी। बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग भी उठाई। नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू करना सरकार की जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि यह सरकार जनविरोधी नीतियों पर चल रही है और इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र के लिए शर्मनाक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस दौरान सेतराम केशरी, राजबली पांडे, संगीता श्रीवास्तव, शारद पनिका, कन्हैया पांडे, नुरुद्दीन खान, राजेंद्र चौधरी, श्रीकांत मिश्रा, राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
