ब्रेकिंग न्यूज़
sliderimg
sliderimg
मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news fingerlings of 50 thousand fish released in son river questions raised regarding their size

Sonbhadra News: सोन नदी में छोड़े गए 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग, आकार को लेकर उठे सवाल.

चोपन घाट पर सोन नदी में 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग छोड़े गए। मत्स्य संरक्षण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य सेक्टर योजना के तहत रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित हुआ। मछलियों के बच्चों के आकार को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए।

sonbhadra

4:09 PM, Oct 16, 2026

Share:

Sonbhadra News: सोन नदी में छोड़े गए 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग, आकार को लेकर उठे सवाल.
logo

चोपन घाट पर सोन नदी में 50 हजार मछलियों के बच्चे छोड़कर मत्स्य संरक्षण का संदेश दिया गया।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: चंदन कुमार, चोपन।

सोनभद्र।

सोन नदी में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और मछलियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को चोपन घाट पर रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत मत्स्य विभाग सोनभद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग नदी में छोड़े गए। विभागीय जानकारी के अनुसार, इनकी कुल लागत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली मौजूद रहे। हालांकि, मछलियों के फिंगरलिंग के आकार को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठाए गए।

Img

अनिकेत निषाद बोले— मत्स्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल-:

निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिकेत निषाद ने बताया कि 16 अक्टूबर को चोपन स्थित सोन नदी घाट पर 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग को नदी में छोड़ा गया।उन्होंने कहा कि नदी में मछलियों के बच्चों को छोड़ने का उद्देश्य सोन नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाना और जलीय संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि मत्स्य विभाग के अनुसार, नदी में छोड़े गए मछलियों के बच्चे इंडियन मेजर कार्प (IMC) प्रजाति के हैं। इनमें कतला, रोहू और नयन शामिल हैं। ये मछलियों के बच्चे मत्स्य निगम की प्रयागराज स्थित चौबेरी हैचरी से लाए गए हैं। अनिकेत निषाद ने इस पहल को नदी के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

शुभम कश्यप ने बताई फिंगरलिंग की कीमत और प्रजातियां-:

विज्ञापन

वही सहायक मत्स्य निदेशक सोनभद्र शुभम कश्यप ने बताया कि रिवर रैचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत सोन नदी में 50 हजार मछलियों के फिंगरलिंग छोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली की मौजूदगी में मछलियों को नदी में छोड़ा गया। फिंगरलिंग की लागत के संबंध में उन्होंने बताया कि विभागीय मानक के अनुसार 80 से 100 मिलीमीटर आकार के एक मछली के बच्चे की कीमत लगभग 1 रुपये 40 पैसे है। इस हिसाब से 50 हजार मछलियों के बच्चों की कुल लागत लगभग 70 हजार रुपये होती है। हालांकि, कार्यक्रम से संबंधित विवरण में कुल लागत ढूलाई को मिलाकर लागत डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। उन्होंने बताया कि नदी में छोड़ी गई मछलियां इंडियन मेजर कार्प यानी IMC प्रजाति की हैं, जिनमें कतला, रोहू और नयन शामिल हैं। ये मछलियां मत्स्य निगम की चौबेरी हैचरी से लाई गई हैं।

मछलियों के आकार को लेकर उठे सवाल, अधिकारी ने दिया जवाब-:

Img

कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने मछलियों के बच्चों के आकार को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि मछलियों के बच्चे छोटे होंगे, तो बड़ी मछलियों द्वारा उन्हें खा लिए जाने का खतरा रहेगा। इससे उनके जीवित रहने और नदी में विकसित होने की संभावना प्रभावित हो सकती है। इस पर सहायक मत्स्य निदेशक शुभम कश्यप ने कहा कि यदि कुछ मछलियों के बच्चे निर्धारित आकार से छोटे हैं, तो इस संबंध में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगली बार मछलियों के बच्चों के आकार पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित स्तर पर बात की जाएगी, ताकि उचित आकार के फिंगरलिंग नदी में छोड़े जा सकें। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक विकास कुमार दीपानकर ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। सहायक मत्स्य निदेशक शुभम कश्यप ने उस्मान अली को बुके देकर सम्मानित किया। निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिकेत निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिला पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष जितेंद्र निषाद, नगर अध्यक्ष संतोष साहनी, डॉ. विजय साहनी, दयाशंकर निषाद, सदाफल निषाद सहित निषाद समाज के कई लोग मौजूद रहे।

बता दे कि रिवर रैचिंग कार्यक्रम का उद्देश्य सोन नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाना, जलीय जैव विविधता को संरक्षित करना और मत्स्य संसाधनों के प्राकृतिक संवर्धन को प्रोत्साहित करना है। अब मछलियों के आकार और लागत से जुड़े सवालों पर विभागीय स्थिति स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.