Sonbhadra News: पेंट एंड ग्लास हाउस में लगी आग, घंटों बाद दमकलकर्मियों ने पाया काबू.
ओबरा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में सोलर पैनल की बैटरी और इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और लोग घरों-दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
sonbhadra
7:33 PM, Jun 12, 2026
Share:


अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में लगी आग से उठता धुएं का गुबार, मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
ओबरा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित रिहायशी इलाके में संचालित अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में शुक्रवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद दुकान से उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सोलर पैनल की बैटरी और इन्वर्टर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की। आग तेजी से फैलने लगी।
इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने के कारण स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल विभाग मौके पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के घरों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन
दमकल कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग को सीमित क्षेत्र में ही नियंत्रित कर लिया गया और उसे आगे फैलने से रोक दिया गया। आग बुझने के बाद दुकानदार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आग की चपेट में आने से काफ़ी नुकसान हो गया, प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
