Sonbhadra News: दीपावली पर आग से बचाव को अग्निशमन विभाग अलर्ट, जारी की एडवाइजरी.
दीपावली और छठ पर्व पर आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए सोनभद्र अग्निशमन विभाग अलर्ट हो गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने एडवाइजरी जारी कर दीपक जलाने, बिजली की झालर लगाने और आतिशबाजी में सावधानी बरतने की अपील की। कपड़ों में आग लगने पर भागने के बजाय जमीन पर लुढ़कने और पानी या कंबल से आग बुझाने की सलाह दी गई है।
sonbhadra
6:44 PM, Nov 5, 2026
Share:


दीपावली और छठ पर्व पर सुरक्षित उत्सव मनाने की अपील, अग्निशमन विभाग ने जारी की विशेष एडवाइजरी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
दीपावली और छठ पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और जन-धन की सुरक्षा के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने नागरिकों और व्यापारियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि त्योहारों की खुशियों के बीच सुरक्षा को नजरअंदाज न करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि दीपावली पर घरों और पूजा स्थलों में दीपक, मोमबत्ती तथा आरती करते समय विशेष सतर्कता बरतें। लक्ष्मी पूजन स्थल के आसपास पर्दे, कपड़े, कागज और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं न रखें। दीपक और मोमबत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। घरों में बिजली की झालर और अन्य सजावटी लाइट लगाते समय विद्युत बोर्ड पर क्षमता से अधिक भार न डालें। खराब तारों और असुरक्षित कनेक्शन का इस्तेमाल करने से बचें, ताकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका न रहे।
आतिशबाजी में ढीले और सिंथेटिक कपड़ों से बचें-:
विज्ञापन
अग्निशमन विभाग ने पटाखे चलाने के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखें और बच्चों को वयस्कों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। पटाखे जलाते समय मोटे और चुस्त सूती कपड़े पहनें। ढीले तथा सिंथेटिक कपड़ों से परहेज करें। आतिशबाजी के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घर में पानी की दो बाल्टियां तैयार रखें।
कपड़ों में आग लगे तो जमीन पर लुढ़कें-:
सीएफओ श्रीराम साहनी ने बताया कि यदि पटाखे की चिंगारी से किसी के कपड़ों में आग लग जाए तो उसे घबराकर भागना नहीं चाहिए। तत्काल पानी डालकर आग बुझाने या मोटे कपड़े अथवा कंबल से लपटों को ढकने का प्रयास करें। साथ ही व्यक्ति को जमीन पर लेटकर लुढ़कना चाहिए, जिससे आग बुझाने में मदद मिल सके। उन्होंने झुग्गी-झोपड़ियों, आरा मशीनों और भूसे के ढेर के आसपास दीपक जलाने तथा आतिशबाजी करने से बचने की अपील की। अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से सुरक्षा के सभी उपाय अपनाकर दीपावली और छठ पर्व को खुशियों के साथ मनाने का आग्रह किया है।


