Sonbhadra News: निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 2026-27 तक निपुण लक्ष्य हासिल करने पर जोर.
बभनी ब्लॉक संसाधन केंद्र पर निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण में एफएलएन और एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के आधार पर बाल-केंद्रित एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में 30 शिक्षक और शिक्षा मित्र शामिल हुए, जिन्हें 2026-27 तक शत-प्रतिशत निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
sonbhadra
4:27 PM, Aug 25, 2026
Share:


निपुण भारत मिशन के तहत बभनी में पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ, शिक्षकों ने नई शिक्षण विधियों का प्रशिक्षण लिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी ब्लॉक के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान) और एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों पर आधारित है।खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में संदर्भदाताओं भानु प्रताप सिंह और चंद्रशेखर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षा मित्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य प्राथमिक वर्ग (विशेषकर कक्षा 1 से 3 तक) के शिक्षकों को आधुनिक, गतिविधि-आधारित और रुचिपूर्ण शिक्षण विधियों में दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण का लक्ष्य वर्ष 2026-27 तक शत-प्रतिशत 'निपुण लक्ष्य' हासिल करना है। इसमें बच्चों में समझ के साथ पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय संक्रियाओं का विकास करना शामिल है। साथ ही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कक्षा 1 और 2 के लिए तैयार की गई नई खेल व गतिविधि-आधारित पाठ्यपुस्तकों (जैसे सारंगी, मृदंग, आनंदमय गणित) के शिक्षण दृष्टिकोण को समझना भी इसका हिस्सा है। यह प्रशिक्षण पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों को छोड़कर बाल-केंद्रित और खेल-खेल में सीखने की विधा को अपनाने पर जोर देता है। संदर्भदाता चंद्रशेखर सिंह, भानू प्रताप सिंह, अमित कुमार, विष्णु दयाल यादव और संतोष यादव द्वारा यह प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में नंदलाल पांडेय, अनिल कुमार सिंह, चंद्रशेखर प्रसाद, दिल बसिया, रामखेलावन, राम नयन गुप्ता और सुभाष चंद्र यादव सहित कुल 30 अध्यापक और शिक्षा मित्र शामिल हुए।



