Sonbhadra News: डीएवी रिहंदनगर के पूर्व छात्र ने यूपीएससी में हासिल की सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर.
बीजपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर के पूर्व छात्र सौरभ गुप्ता ने यूपीएससी 2026 की परीक्षा में 783वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दसवीं व बारहवीं में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सौरभ फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड में जेई एटीसी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
sonbhadra
10:10 AM, Mar 7, 2026
Share:


सौरभ गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग 2026 में हासिल की 783वीं रैंक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बीजपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर के पूर्व छात्र सौरभ गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2026 की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए 783वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सौरभ गुप्ता बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और उनके अंदर कुछ कर दिखाने की छमता पढ़ाई के दौरान ही सभी भाप ली थी। उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और दसवीं तथा बारहवीं की परीक्षाओं में विद्यालय में प्रथम स्थान अपनी मेहनत और टैलेंट से हासिल किया था। प्राचार्य राजकुमार ने बताया कि सौरभ ने पहले ही प्रयास में आईआईटी एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर आईआईटी पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड में जेई एटीसी (जूनियर एग्जीक्यूटिव एयर ट्रैफिक कंट्रोल) के पद पर कार्यरत हैं। सौरभ के पिता रामजी गुप्ता एक दवा व्यवसायी एवं समाजसेवी हैं, जबकि उनकी माता गिरिजा देवी गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई आशुतोष और शुभम दवा व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। परिवार और विद्यालय को उनकी सफलता पर गर्व है। विद्यालय के सामाजिक विज्ञान शिक्षक अनंत मोहन ने बताया कि सौरभ को बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा थी। उन्होंने कहा कि सौरभ की उपलब्धि विद्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली उच्च गुणवत्ता और संस्कारयुक्त शिक्षा का परिणाम है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों डॉ. आर.के. झा, विजय तिवारी, डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव, डी.सी. शुक्ला, एस.पी. तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव ने उन्हें बधाई दी। प्राचार्य राजकुमार ने सौरभ को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे प्रशासनिक सेवा में रहते हुए देश और समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करेंगे। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के लिए पूर्व छात्र सौरभ गुप्ता की सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य के रूप में प्रेणा देती रहेगी।
