Sonbhadra News: चार माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत. मचा कोहराम.
ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में चार माह की गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका यादव (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बहन के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। प्रियंका को ओबरा परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
7:20 PM, Aug 1, 2026
Share:


संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका यादव, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में शनिवार को 22 वर्षीय एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह चार माह की गर्भवती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान प्रियंका यादव (22) पत्नी संजय यादव के रूप में हुई है। उसका मायका डाला बताया गया है। प्रियंका और संजय ने लगभग आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। पिछले दो महीने से वे भलुआ टोला में किराए के मकान में रह रहे थे। संजय मूल रूप से कर्मशार का रहने वाला है और 2 महीने से किराये के रूम में रह कर जीविकोपार्जन के लिए ओबरा परियोजना में मजदूरी करता है।
आरती, मृतिका की बहन।
विज्ञापन
मृतका की बहन आरती के अनुसार, शनिवार दोपहर खाना खाने के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरती ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था और संजय कथित तौर पर प्रियंका को छोड़ने या जान से मारने की धमकी देता था। आरती ने बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने दोनों को शांत कराया, जिसके बाद संजय ड्यूटी पर चला गया। कुछ देर बाद खिड़की से देखने पर प्रियंका फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल ओबरा परियोजना अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉ मधुबाला, ओबरा परियोजना अस्पताल, सोनभद्र।
परियोजना अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल लाने वाले व्यक्ति ने शुरुआत में बताया था कि महिला छत से गिर गई थी। हालांकि, जांच के दौरान शरीर पर गिरने जैसी कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली, जबकि गले पर फंदे का निशान पाया गया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
