Sonbhadra News: 36.5 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो समेत 30 लाख की बरामदगी.
सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और SOG टीम ने चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 36.500 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामदगी की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
sonbhadra
4:06 PM, Aug 29, 2026
Share:


पुलिस टीम ने 36.5 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी करीब 30 लाख रुपये की है। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की रात रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी, चौकी हिन्दुआरी और चौकी चुर्क की संयुक्त टीम चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिन्दुआरी की तरफ से एक सफेद स्कॉर्पियो आ रही है। पुलिस ने वाहन संख्या UP32HQ1416 को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 10 बजे स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में कुल 36.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे को तीन प्लास्टिक बोरियों में रखा गया था। इसके अलावा आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर गांजा तस्करी करते हैं। उनके अनुसार उड़ीसा के सम्भलपुर के पास से गांजा लेकर उसे बलिया पहुंचाने का काम दिया गया था। इसके एवज में प्रत्येक व्यक्ति को करीब 15 हजार रुपये मिलने थे। पुलिस के मुताबिक तस्करी के दौरान आपस में संपर्क बनाए रखने और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए व्हाट्सएप कॉल और लोकेशन का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी 27 अगस्त को उड़ीसा से गांजा लेकर लौट रहे थे। रास्ते में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने रास्ता बदल दिया। इसी दौरान किया कार को मौके पर छोड़ दिया गया, जबकि उसकी चाबी आरोपियों के पास रह गई। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो से आगे बढ़े और सोनभद्र में हाईवे किनारे जंगल क्षेत्र में रात में रुके। 28 अगस्त को आगे जाने के दौरान हिन्दुआरी के पास पुलिस चेकिंग देखकर आरोपियों ने स्कॉर्पियो वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में थाना रॉबर्ट्सगंज में मु.अ.सं.-721/2026, धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विधिचन्द्र यादव निवासी मऊ, साजिद अली और रईस खान निवासी कुशीनगर तथा आदित्य जायसवाल निवासी कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी में 36.500 किलो गांजा, स्कॉर्पियो, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और किया कार की एक चाबी शामिल है। सोनभद्र पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन शुद्धि के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
