Sonbhadra News: डाला में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 150 मरीजों की जांच; दर्जनों मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना.
डाला के बारी स्थित मीडिया हाउस कार्यालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में करीब 150 मरीजों की जांच की गई। दर्जनों मरीजों में मोतियाबिंद पाए जाने पर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चित्रकूट ले जाया गया। डॉ. एके गुप्ता ने खनन क्षेत्र में DMF-CSR से 100 बेड का ट्रामा सेंटर बनाने की मांग उठाई।
sonbhadra
7:18 PM, Sep 19, 2026
Share:


सोनभद्र: गौ माता की सेवा और संरक्षण के संकल्प के साथ सोनभद्र में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई, डीएम ने गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को पशुओं की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय, डाला।
सोनभद्र।
विज्ञापन
डाला नगर पंचायत क्षेत्र के बारी स्थित मीडिया हाउस प्रेस कार्यालय में एक निःशुल्क नेत्र परीक्षण और जांच शिविर लगाया गया। श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, चित्रकूट के डॉक्टरों की टीम ने करीब 150 मरीजों की आंखों की जांच की। जांच में मोतियाबिंद, नाखूना, एलर्जी और आंखों से जुड़ी दूसरी समस्याएं देखी गईं। दर्जनों मरीजों में मोतियाबिंद पाए जाने पर उन्हें मुफ्त ऑपरेशन और इलाज के लिए चित्रकूट अस्पताल भेजा गया। शिविर में जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को चश्मे और आई ड्रॉप भी बांटे गए। मीडिया हाउस के अध्यक्ष और प्रधान संपादक डॉ. एके गुप्ता ने मेडिकल टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्था का मकसद क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि मीडिया हाउस समय-समय पर मेडिकल कैंप और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे स्थानीय लोगों और मजदूरों को फायदा मिलता है। उन्होंने खनन और औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि डाला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन और औद्योगिक काम होते हैं, जिससे सरकार को राजस्व भी मिलता है। लेकिन गंभीर हादसों की स्थिति में यहां पर्याप्त चिकित्सा और ट्रामा सुविधा नहीं है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि किसी घटना या दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाना पड़ता है। लंबी दूरी के कारण कई बार मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से खनन क्षेत्र के पास 100 बेड का इमरजेंसी ट्रामा सेंटर बनाने की मांग की। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जिला खनिज निधि (DMF) और सीएसआर के माध्यम से ट्रामा सेंटर का निर्माण कराया जाए तो इसका लाभ मारकुंडी से लेकर ऊर्जाचल तक के औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों और स्थानीय लोगों को मिल सकता है। उन्होंने खनन क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों का श्रम विभाग में पंजीकरण और स्वास्थ्य बीमा सुनिश्चित किए जाने की भी बात कही। शिविर में डॉ. मनीष तिवारी, हंसराज यादव, सुशील मिश्रा, क्रशर ओनर्स एसोसिएशन के सचिव अभिषेक सिंह उर्फ पिंकू सिंह, उमेश चंद्र मिश्रा, मनमोहन शुक्ला, रामप्यारे सिंह, त्रिभुवन पांडेय, कृपाशंकर पांडेय, राघवेंद्र नाथ पांडेय, शिवशंकर गुप्ता, विनय गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, निकिता गुप्ता, अनुप्रिया गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



