Sonbhadra News: डाला में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 75 मरीजों की हुई जांच, मोतियाबिंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए भेजा चित्रकूट.
डाला स्थित गांधीनगर मीडिया हाउस कार्यालय में गुरुवार को श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट चित्रकूट की ओर से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने 75 मरीजों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए और मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजा। आयोजक डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि अब प्रत्येक माह की 19 तारीख को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक शिविर लगाया जाएगा।
sonbhadra
6:16 PM, Nov 19, 2026
Share:


डाला में निःशुल्क नेत्र शिविर, खनन क्षेत्र में उड़ती धूल प्रदूषण की गंभीरता दर्शाती तस्वीर है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय, डाला।
सोनभद्र।
बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के गांधीनगर बारी डाला स्थित मीडिया हाउस प्रेस कार्यालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. एके गुप्ता (रौनियार) की देखरेख में आयोजित शिविर में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट चित्रकूट के वरिष्ठ चिकित्सकों ने कुल 75 मरीजों की आंखों की जांच की। जरूरतमंद मरीजों को चश्मे भी वितरित किए गए। वहीं, जांच में मोतियाबिंद की शिकायत मिलने पर मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए वाहन से चित्रकूट अस्पताल भेजा गया। डॉ. एके गुप्ता ने कहा कि खनन क्षेत्र और आसपास प्रदूषण की गंभीर स्थिति के कारण आंखों से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की। उन्होंने बताया कि खनन क्षेत्र के मजदूरों और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य हितों को देखते हुए मीडिया हाउस की ओर से समय-समय पर निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक माह की 19 तारीख को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मीडिया हाउस कार्यालय पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। इसमें श्री सद्गुरु सेवा संघ चित्रकूट के वरिष्ठ चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। क्षेत्र के लोग शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करा सकेंगे।
खनन पट्टाधारकों से मेडिकल कैंप कराने की मांग-:
डॉ. गुप्ता ने कहा कि शासन और खनन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार खनन पट्टाधारकों को प्रत्येक तीन महीने में मेडिकल कैंप आयोजित कराकर मजदूरों के स्वास्थ्य की जांच कराना अनिवार्य है। इसके बावजूद पट्टाधारकों की ओर से नियमित मेडिकल कैंप नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और खान अधिकारी से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक तीन माह में मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
विज्ञापन
क्रशर प्लांटों से प्रदूषण पर जताई चिंता-:
डॉ. गुप्ता ने बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में क्रशर प्लांटों से फैल रहे प्रदूषण पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रदूषण विभाग के अधिकारियों और प्रदूषण फैलाने वाले क्रशर प्लांटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही नियमों और मानकों का पालन नहीं करने वाले क्रशर प्लांटों को सीज करने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्रवासियों को प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सके।
शिविर की अगली तारीख: प्रत्येक माह की 19 तारीख, सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक, मीडिया हाउस कार्यालय गांधीनगर बारी डाला।


