Sonbhadra News: ओबरा डैम में बढ़ी पानी की आवक, फाटक खुलने की आशंका से प्रशासन अलर्ट.
ओबरा डैम में पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए आज रात किसी भी समय फाटक खोले जाने की संभावना है। गेट खुलने पर सोन नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर सात तटवर्ती गांवों में सतर्कता बढ़ाई गई। डीएम चर्चित गौड़ ने लोगों से नदी और जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
sonbhadra
12:03 AM, Aug 27, 2026
Share:


ओबरा डैम की रात में निगरानी करते पुलिस अधिकारी और क्षेत्र में गश्त करती पुलिस टीम, जलाशय पर दिखती रोशनी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
वर्षाऋतु में लगातार हो रही बारिश और ओबरा डैम में पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए प्रशासन ने जलस्तर पर निगरानी तेज कर दी है। अधिक पानी आने की स्थिति में डैम की सुरक्षा के दृष्टिगत आज रात किसी भी समय फाटक खोले जाने की संभावना जताई गई है। फाटक खुलने पर सोन नदी का जलस्तर बढ़ सकता है, जिसे लेकर तटवर्ती गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। ओबरा बांध का पूर्ण जलस्तर (FRL) 193.24 मीटर है। अधिक वर्षा की स्थिति में आवश्यकता के अनुसार बांध के गेट खोले जा सकते हैं। गेट से छोड़ा गया पानी रेणु नदी के रास्ते करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय कर सोन नदी में प्रवाहित होगा। इसके चलते सोन नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने चकाड़ी, गुरुच, महलपुर, गोठानी, खैरटीया, वर्दिया एवं सिन्दुरिया गांवों के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी, जलप्रवाह वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा है। इधर, संभावित स्थिति को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय और थाना प्रभारी सदानंद राय रेणुका नदी खैरटिया छठ घाट पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक जानकारी ली। वहीं सहायक विकास अधिकारी पंचायत, चोपन की ओर से सभी ग्राम प्रधानों को भी सूचना जारी की गई है। ग्राम प्रधानों से अपने-अपने ग्राम पंचायतों में विभिन्न माध्यमों से ग्रामीणों को सतर्क करने और डैम का फाटक खुलने की स्थिति में नदी की ओर न जाने की अपील करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ओबरा डैम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन व ग्राम पंचायत स्तर से जारी होने वाली सूचनाओं एवं निर्देशों का पालन करें।
