Sonbhadra News: दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार, सोनभद्र के 2.54 लाख परिवार होंगे लाभान्वित.
दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलेगी। सोनभद्र के 2,54,745 पात्र परिवार होंगे लाभान्वित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। प्रत्येक रिफिल पर 1,026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित की गई है।
sonbhadra
7:40 PM, Nov 3, 2026
Share:


उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात, महिलाओं को सब्सिडी के चेक वितरित।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को प्रदेश सरकार ने दो निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोनभद्र के डीपीआरसी सेंटर में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। जनपद में आयोजित कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, चोपन ब्लॉक प्रमुख लीला गोंड़, नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता और एआरओ पृथ्वीराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। दीपावली पर दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलने से लाभार्थी परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,54,745 लाभार्थी परिवार पंजीकृत हैं। जनपद के सभी पात्र परिवारों को योजना के तहत दो गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पारदर्शी और सुचारु तरीके से पहुंचाया जाए। योजना के तहत प्रत्येक सिलेंडर रिफिल पर कुल 1,026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित की गई है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 659.33 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 366.67 रुपये का अंश शामिल है। प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित करने के लिए लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना और पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं से महिलाओं को राहत दिलाना है। इससे उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ ही स्वच्छ रसोई ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।


