Sonbhadra News: प्रेमिका हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार.
बीजपुर थाना क्षेत्र के जंगल में मिले महिला के कंकाल मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान पार्वती देवी के रूप में हुई थी, जो 10 मई से लापता थीं। पुलिस ने आरोपी लाला भैया उर्फ लाले पनिका को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
sonbhadra
6:46 PM, Jun 25, 2026
Share:


बीजपुर पुलिस ने प्रेमिका हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बीजपुर थाना क्षेत्र के धरतीडाड़ स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगल में गत माह मिले महिला के कंकाल मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विनोद कुमार की पत्नी पार्वती देवी 10 मई को लाला भैया उर्फ लाले पनिका तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ घर से निकली थीं और उसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने म्योरपुर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 30 मई को धरतीडाड़ स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगल में एक महिला का कंकाल मिला। परिजनों ने घटनास्थल पर मिली साड़ी और चप्पल के आधार पर उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की सास ने लाला भैया उर्फ लाले पनिका तथा सुरेश पर संदेह व्यक्त किया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेतवा मोड़ से करीब 300 मीटर पहले लाला भैया उर्फ लाले पनिका निवासी सिसवा झापर, थाना बभनी को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पूरे प्रकरण का खुलासा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय ने किया।
