Sonbhadra News: सेंदूर टीका से अजीरेश्वर धाम तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र.
बभनी के सेंदूर टीका स्थित नागेश्वर बाबा धाम से सावन के अंतिम सोमवार पर अजीरेश्वर धाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकली। कांवड़ियों ने अजीर नदी से पवित्र जल उठाकर बाबा नागेश्वर धाम में जलाभिषेक किया और फिर अजीरेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। भगवा वस्त्रों में सजे श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ भक्ति में झूमते नजर आए।
sonbhadra
5:00 PM, Aug 24, 2026
Share:


सावन के अंतिम सोमवार पर भगवा रंग में रंगा सेंदूर टीका, अजीरेश्वर धाम की कांवड़ यात्रा में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के सेंदूर टीका स्थित नागेश्वर बाबा धाम से बड़ी संख्या में कांवरियों ने अजीर नदी से जल उठाकर अजीरेश्वर धाम के लिए प्रस्थान किया। यह यात्रा सावन के अंतिम सोमवार को आयोजित की गई। सेंदूर टीका धाम में अजीर नदी के तट पर बड़ी संख्या में कांवरिया एकत्रित हुए। उन्होंने अजीर नदी से जल भरा और आचार्य द्वारा संकल्प लिया। इसके बाद सभी भक्त सेंदूर टीका नागेश्वर बाबा धाम पहुँचे, जहाँ उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने महादेव को प्रसन्न करने के लिए कई वस्तुएं अर्पित कीं। पूजा के बाद, सभी भक्तों ने संकल्प लेकर श्री अजीरेश्वर धाम के लिए अपनी यात्रा शुरू की। इस कांवड़ यात्रा का आयोजन अजीरेश्वर धाम ट्रस्ट द्वारा किया गया था। इस अवसर पर श्री नागेश्वर धाम सेंदूर टीका में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। अजीरेश्वर धाम ट्रस्ट के न्यास प्रमुख राजेंद्र सिंह बघेल ने बाबा नागेश्वर धाम सेंदूर टीका में पीपल का पौधा रोपा और भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली टीम को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम राम प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सुबह से ही पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा हुआ था। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी भगवा वस्त्र धारण किए हुए थे। बाबा नागेश्वर धाम सेंदूर टीका मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु अपने कंधों पर सजी हुई कांवड़ लिए, हाथों में त्रिशूल-डमरू और माथे पर तिलक लगाए चल रहे थे। वे लगातार 'बम बम भोले' और 'हर हर महादेव' के नारे लगा रहे थे। डीजे पर बज रहे शिव भक्ति गीतों पर लोग उत्साह से नाचते दिखे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया। इस दौरान जे.एन. चौरसिया, आर. के. सिंह, अमर देव पांडेय, अरविंद कुमार दुबे, सतीश पांडेय, रामकुमार यादव, अमरेश तिवारी, ओ.पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में कांवरिया उपस्थित रहे।
