Sonbhadra News: सहगोड़ा में रामलीला के चौथे दिन राम-सीता विवाह का भव्य मंचन, जयकारों से गूंजा परिसर.
बभनी ब्लॉक के सहगोड़ा गांव में रामलीला के चौथे दिन भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन हुआ। कलाकारों ने चारों भाइयों के विवाह और माता सीता की विदाई के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। राम विवाह उत्सव में श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में डूबे नजर आए, वहीं भावुक विदाई के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
sonbhadra
4:35 PM, Oct 15, 2026
Share:


सहगोड़ा गांव की रामलीला में राम-सीता विवाह प्रसंग के मंचन ने श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और उल्लास से भर दिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विकास खंड बभनी के सहगोड़ा गांव में आयोजित रामलीला के चौथे दिन भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने विवाह की विभिन्न रस्मों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। राम विवाह उत्सव के दौरान पूरा रामलीला परिसर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। भगवान श्रीराम और माता सीता के जयकारों से परिसर गूंज उठा। रामलीला में दिखाया गया कि मिथिला नरेश राजा जनक ने अपनी पुत्री माता सीता के विवाह के लिए अयोध्या नरेश राजा दशरथ को मिथिला आने का निमंत्रण भेजा। निमंत्रण मिलने के बाद राजा दशरथ ने गुरुजनों, परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों के साथ बारात की तैयारियां शुरू कीं। इसके बाद धूमधाम से बारात लेकर मिथिला पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। विवाह की रस्मों के दौरान मंगल गीतों और उत्सवी माहौल ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। मंचन में भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह के साथ ही राजा दशरथ के चारों पुत्रों श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के विवाह का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद राजा जनक ने अपनी पुत्री माता सीता को स्नेह और आशीर्वाद के साथ विदा किया। विदाई के भावुक दृश्य ने रामलीला देखने पहुंचे दर्शकों को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से लीला का आनंद लिया। राम विवाह के मंचन के माध्यम से कलाकारों ने प्रेम, समर्पण, मर्यादा और पारिवारिक संस्कारों का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रदीप शुक्ला, रमाशंकर तिवारी, सतेन्द्र कुमार और राजेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।


