मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news grand tableau of baba barfani in obra crowd of devotees gathered for darshan

Sonbhadra News: ओबरा में बाबा बर्फानी की भव्य झांकी, दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब.

ओबरा नगर में श्रीराम मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा बर्फानी की भव्य झांकी के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। अमरनाथ गुफा की तर्ज पर बर्फ की सिल्लियों से बाबा बर्फानी, शिवलिंग, गणेश-पार्वती सहित देवी-देवताओं की आकर्षक आकृतियां सजाई गईं। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी और एसडीएम रवि पासवान ने पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

sonbhadra

6:19 PM, Aug 24, 2026

Share:

Sonbhadra News: ओबरा में बाबा बर्फानी की भव्य झांकी, दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब.
logo

सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा बर्फानी की भव्य झांकी के दर्शन-पूजन और आरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ओबरा।

सावन माह के अंतिम सोमवार को ओबरा नगर के श्रीराम मंदिर प्रांगण स्थित शिव मंदिर में बाबा बर्फानी की भव्य झांकी सजाई गई। अमरनाथ गुफा की तर्ज पर तैयार की गई इस झांकी के दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु उमड़े। झांकी के दर्शन से पूर्व, सोमवार सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी और एसडीएम ओबरा रवि पासवान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फानी के दर्शन खोले गए। श्रीराम चरित मानस मंदिर समिति और बाबा बर्फानी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी अमरनाथ गुफा की तर्ज पर दर्जनों बर्फ की सिल्लियों से बाबा बर्फानी का दरबार तैयार किया गया था। बर्फ की सिल्लियों से शिवलिंग के साथ भगवान गणेश, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक आकृतियां बनाई गईं। कृत्रिम गुफा से लेकर मुख्य दर्शन स्थल तक प्राकृतिक वातावरण का स्वरूप देने के लिए बड़ी संख्या में फूल-पत्तियों और अन्य सजावटी सामग्री का उपयोग किया गया। बर्फ से निर्मित शिवलिंग और आकर्षक सजावट के बीच बाबा बर्फानी का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शन के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजता रहा। बाबा बर्फानी सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश पाण्डेय ने बताया कि बर्फ की सिल्लियों से तैयार की जाने वाली यह झांकी श्रद्धालुओं को प्रतीकात्मक रूप से अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन का अनुभव कराती है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 14 वर्षों से सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा बर्फानी की यह झांकी तैयार की जा रही है, और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से मुख्य अतिथियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ ओबरा प्रभात राय के नेतृत्व में ओबरा प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक ईश्वरी नारायण सिंह, फौजदार सिंह, राकेश मिश्रा, कृष्णानंद वर्मा, सुनीत खत्री, संजीत चौबे, अवधेश सिंह, श्रवण पासवान, नीलकांत तिवारी, रमेश सिंह यादव, उमेश सिंह पटेल, धुरंधर शर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दुर्गावती देवी और प्राणमती देवी, नंदलाल सेठ, आशीष तिवारी, सुशील सिंह, निलेश मिश्रा, रामदेव मौर्य, अरविंद सोनी, अभिषेक सेठ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के उपाध्यक्ष समीर माली ने किया। सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा बर्फानी की भव्य झांकी के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से ओबरा का श्रीराम मंदिर परिसर देर शाम तक शिवभक्ति से सराबोर रहा।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.