Sonbhadra News: तीन महीने से बंद पड़ी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट, अंधेरे से ग्रामीण परेशान.
कोटा ग्राम पंचायत के कोटा खास बाजार में लगी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट पिछले तीन महीने से खराब पड़ी है। रात के समय पूरे बाजार में अंधेरा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में अचानक कुत्तों और अन्य जीव-जंतुओं के सड़क पर आ जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
sonbhadra
2:24 PM, Aug 6, 2026
Share:


तीन माह से बंद हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण, शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरुण कुमार जायसवाल, कोटा
सोनभद्र।
विज्ञापन
चोपन विकासखंड अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के कोटा खास बाजार में लगी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट पिछले तीन महीनों से खराब है। इसके कारण बाजार और आसपास का क्षेत्र रात में अंधेरे में डूब जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित करने के बावजूद अब तक लाइट की मरम्मत नहीं की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। अंधेरे के कारण सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। रात में अचानक कुत्तों के सड़क पर आ जाने से भी कई बाइक सवार गिरकर घायल हुए हैं। अंधेरे की वजह से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु भी सड़क और बाजार क्षेत्र में निकल आते हैं, जिससे लोगों में भय बना रहता है। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रात के समय आवागमन में काफी परेशानी होती है। व्यापारियों का कहना है कि शाम ढलते ही अंधेरे के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या कम हो जाती है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वे जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से बारिश के मौसम को देखते हुए तत्काल मरम्मत कराकर बाजार क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर निर्भय चौधरी, लवकेश प्रजपति, मनीष जायसवाल, बच्चा जायसवाल, नरेश यादव, राजू साहनी, मुलायम यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



