Sonbhadra News: बिजली की चिंगारी से भीषण आग, ट्रॉली समेत सैकड़ों बोझ गेहूं जलकर राख, मचा हड़कंप.
विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में बिजली की चिंगारी से लगी भीषण आग की घटना से ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत सैकड़ों बोझ गेहूं जलकर हुई राख। हादसे में दो पशु भी झुलसे और कई किसानों की फसल हुई बर्बाद। डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। वही पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
sonbhadra
5:03 PM, Apr 12, 2026
Share:


पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में रविवार दोपहर एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। बताया जा रहा है कि बिजली के लटकते तार से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गांव निवासी विरझु राम अपने खेत से लगभग सौ बोझ गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से घर ला रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर उनके घर के पास पहुंचा, वहां लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आने से चिंगारी निकली और ट्रॉली पर लदे गेहूं में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर का इंजन अलग कर लिया, जिससे ट्रैक्टर को बचा लिया गया, लेकिन ट्रॉली और उसमें रखा पूरा गेहूं जलकर राख हो गया। आग ने आसपास के क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पास में बंधे उदित भारती के दो पशु बुरी तरह झुलस गए, जबकि महेश प्रसाद के खेत में रखा लगभग 50 बोझ गेहूं भी जल गया। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित किसानों ने बताया कि उनकी सालभर की मेहनत कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्राम प्रधान विमल यादव ने घटना की सूचना लेखपाल अशोक कुमार को देते हुए प्रशासन से पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।
