Sonbhadra News: इं. दूधनाथ ने संभाला ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार.
ओबरा तापीय परियोजना में इं. दूधनाथ ने रविवार को मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक इं. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल का स्थान लिया है। यूपी राज्य विद्युत उत्पादन निगम के आदेशानुसार उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना के साथ मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
sonbhadra
9:48 PM, May 31, 2026
Share:


इं. दूधनाथ ने सुरक्षित, विश्वसनीय और आर्थिक संचालन को अपनी प्राथमिकता बताया है।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में निगम के वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं. दूधनाथ ने रविवार को ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी मुख्य महाप्रबंधक इं. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने के बाद संभाली है। निगम के आदेशानुसार उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार तथा मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। इं. दूधनाथ विद्युत उत्पादन क्षेत्र के अनुभवी, कर्मठ एवं तकनीकी रूप से दक्ष अभियंता माने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद के निवासी इं. दूधनाथ का जन्म 13 जुलाई 1967 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से प्राप्त की तथा वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक उपाधि हासिल की। इसके अलावा वर्ष 2008 में उन्होंने भारत सरकार के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी प्राप्त की। इं. दूधनाथ ने 29 दिसंबर 1989 को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। लगभग साढ़े तीन दशक के लंबे कार्यकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, उत्पादन प्रबंधन एवं दक्षता संवर्धन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी पेशेवर यात्रा सहायक अभियंता से शुरू होकर अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता (स्तर-2) और मुख्य अभियंता (स्तर-1) जैसे उच्च पदों तक पहुंची। वर्ष 2014 में अधीक्षण अभियंता पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना की विभिन्न उत्पादन एवं अनुरक्षण इकाइयों का नेतृत्व किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्यालय लखनऊ में मुख्य अभियंता (थर्मल ऑपरेशन) एवं आर एंड एम इकाई का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला। वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना के मुख्य अभियंता के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान उन्होंने अनपरा ‘बी’ एवं मुख्य महाप्रबंधक, अनपरा का अतिरिक्त कार्यभार भी सफलतापूर्वक निभाया। उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता और तकनीकी नेतृत्व को देखते हुए 30 अप्रैल 2026 को उन्हें मुख्य अभियंता (स्तर-1) पद पर पदोन्नत किया गया था। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं. दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार लाना तथा निगम की ऊर्जा उत्पादन संबंधी अपेक्षाओं को पूरा करना होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
