Sonbhadra News: लाइव वीडियो में कैद हुई मौत के पहले की घटना, सड़क हादसे में युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम.
रेणुकूट के हिंडाल्को पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में घायल 20 वर्षीय संजय कुमार की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल पप्पू (21) का इलाज जारी है। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
sonbhadra
10:59 PM, Jun 29, 2026
Share:


रेणुकूट सड़क हादसे का सीसीटीवी दृश्य, टक्कर के बाद बाइक सवार कई फीट दूर उछलते हुए कैमरे में कैद।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित हिंडाल्को पेट्रोल पंप के समीप रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कुमार (20) के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूसरे युवक पप्पू (21) का उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था।
जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल पप्पू का इलाज जारी है। दोनों युवक स्थानीय क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बाइक सवार वाहन से टकराने के बाद कई फीट दूर उछलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
