Sonbhadra News: आरओबी निर्माण से राहत की पहल: प्रशासन ने शुरू कराया वैकल्पिक मार्ग निर्माण, जल्द मिलेगी जाम से निजात.
रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। तहसीलदार अमित सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका, पुलिस और आरओबी निर्माण कंपनी की टीम ने अतिक्रमण हटाकर सड़क के दोनों किनारों पर मार्ग तैयार करना शुरू किया। इस मार्ग से दोपहिया, हल्के चारपहिया वाहन और एंबुलेंस का आवागमन हो सकेगा।
sonbhadra
10:18 AM, Jul 26, 2026
Share:


आरओबी निर्माण कार्य के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर वैकल्पिक मार्ग निर्माण शुरू कराया, आमजन को जल्द मिलेगी राहत।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज नगर में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। संकरे रास्ते, जाम, धूल और कीचड़ के बीच आवागमन मुश्किल हो गया था। लगातार उठ रही जनसमस्याओं और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद जिला प्रशासन ने हरकत में आते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। पूर्व विधायक तीरथराज, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी तथा समाजसेवी रवि प्रकाश चौबे ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर आरओबी निर्माण के कारण आम जनता को हो रही समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए। दो दिनों की मशक्कत के बाद तहसीलदार अमित सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी सविता सरोज, पुलिस बल तथा आरओबी निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाकर वैकल्पिक मार्ग निर्माण का कार्य शुरू कराया।
विज्ञापन
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग किया। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आरओबी निर्माण कंपनी सड़क के बीच लगभग आठ मीटर चौड़ाई में निर्माण कार्य करेगी। आमजन की आवाजाही बनाए रखने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर नाली छोड़ते हुए तीन-तीन फीट चौड़ा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस मार्ग से दोपहिया वाहन, हल्के चारपहिया वाहन और एंबुलेंस का आवागमन हो सकेगा, जबकि भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्ग ही लागू रहेगा। स्थानीय निवासी बिमलेश कुमार चौबे, आशीष श्रीवास्तव और संतोष सोनी ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि वैकल्पिक मार्ग बनने से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि तय समय के भीतर मार्ग तैयार होने से आरओबी निर्माण भी सुचारु रूप से चलता रहेगा और आम जनता को भी आवागमन में राहत मिलेगी।
