Sonbhadra News: ठेमा नदी में समा गया मासूम, परिजनों की चीखों से गूंज उठा अस्पताल.
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र की ठेमा नदी में नहाने गए 15 वर्षीय कक्षा 8 के छात्र सूफियान खां की डूबने से मौत हो गई। बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने और गहराई का अंदाजा न लग पाने से हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए सूफियान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
6:42 PM, Jul 26, 2026
Share:


ठेमा नदी में छात्र के डूबने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में जुटी लोगों की भीड़ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र स्थित ठेमा नदी में रविवार को नहाने गए एक 15 वर्षीय छात्र की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, दुद्धी कस्बे के वार्ड नंबर-6 निवासी सूफियान खां अपने कुछ दोस्तों के साथ ठेमा नदी पर नहाने गया था। सूफियान लिटिल एंजेल अकादमी पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह स्कूल की आधिकारिक पिकनिक में शामिल नहीं था, बल्कि अन्य बच्चों को नदी की ओर जाते देख अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाल की बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और कई स्थानों पर पानी काफी गहरा हो गया था। नहाने के दौरान सूफियान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे भी पानी में फंस गए। मौके पर मछली पकड़ रहे स्थानीय युवकों और ग्रामीणों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया। उनकी सतर्कता से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सूफियान को बाहर निकालने में देर हो गई। गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



