Sonbhadra News: शादी समारोह में आया मासूम कुएं में मृत मिला, हत्या का आरोप.
सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुडवा गांव में बुधवार रात शादी समारोह के दौरान चार वर्षीय जीनू भारती अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद उसका शव घर से करीब 150 मीटर दूर एक कुएं में मिला। मृतक अपनी मौसी की शादी में ननिहाल आया था। नाना रामबृक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
9:30 PM, May 28, 2026
Share:


मौत की घटना से खुशियां बदली मातम में।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुडवा गांव में बुधवार रात शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी समारोह में शामिल होने आया चार वर्षीय मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मृत मिला। परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार जीनू भारती (4 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार भारती अपनी मौसी की शादी में शामिल होने करीब एक सप्ताह पहले ननिहाल आया था। बुधवार रात करीब 9 बजे मंडप कार्यक्रम चल रहा था, तभी वह अचानक भीड़ से गायब हो गया। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित एक पक्के कुएं में जीनू का शव उतराया मिला। शव मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के नाना रामबृक्ष ने बताया कि जीनू की मां की मौत उसके जन्म के एक सप्ताह बाद ही हो गई थी। तब से वह ही उसका पालन-पोषण कर रहे थे। गुरुवार सुबह उन्होंने थाने पहुंचकर नाती की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बभनी डीपी यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
