Sonbhadra News: विद्युत विभाग की लापरवाही से जा रही मासूमों और संविदा कर्मियों की जान: अविनाश कुशवाहा.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने प्रेस वार्ता कर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पड़रछ गांव में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय संदीप की मौत समेत कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा जर्जर तारों और खंभों की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए, अन्यथा समाजवादी पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
sonbhadra
5:34 PM, Jun 11, 2026
Share:


विद्युत हादसों के मुद्दे पर ग्रामीणों के बीच बैठक कर चर्चा करते पूर्व विधायक एवं सपा नेता अविनाश कुशवाहा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी (सपा) ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व विधायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण जिले में लगातार मासूम बच्चों, आम नागरिकों और संविदा कर्मियों की जानें जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की अनदेखी और भ्रष्टाचार के चलते आम जनता असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। रॉबर्ट्सगंज में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अविनाश कुशवाहा ने बताया कि प्रदेश की जनता पहले से ही स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल, सरचार्ज और विभागीय भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहा है। कई स्थानों पर बिजली के खंभों को मानकों के विपरीत सीधे मिट्टी में गाड़ दिया जाता है, जिससे वे बारिश और तेज हवाओं में गिर जाते हैं। जर्जर तार और खंभे आए दिन दुर्घटनाओं को जन्म दे रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कोन क्षेत्र के पड़रछ गांव में हुई घटना का उल्लेख किया। 6 जून 2026 को ग्रामीणों ने समाधान दिवस में नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के तार को लेकर शिकायत की थी। संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। परिणामस्वरूप 9 जून को 15 वर्षीय संदीप पुत्र रामआसरे करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते संबंधित जेई और एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अविनाश कुशवाहा ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। 25 मई 2026 को कोन क्षेत्र निवासी संविदा लाइनमैन विनोद कुमार की भी करंट लगने से मौत हो गई थी। आरोप है कि लाइन बंद होने की सूचना के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बढ़ौली, शाहगंज और गंगाजल गांवों में करंट लगने से हुई मौतों का भी जिक्र करते हुए कहा कि जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही लगातार लोगों की जान ले रही है। उन्होंने मांग की कि जिलेभर में तत्काल अभियान चलाकर जर्जर तारों और खंभों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी दुर्घटना के लिए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
