Sonbhadra News: पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की सघन जांच, तेल की मात्रा-गुणवत्ता और ग्राहक सुविधाओं का हुआ निरीक्षण.
आयुक्त विंध्याचल मंडल के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पेट्रोल-डीजल की मात्रा, गुणवत्ता और ग्राहक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मशीनों की माप, अभिलेखों और सुरक्षा मानकों का भी सत्यापन किया। प्रशासन ने कहा अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
sonbhadra
8:55 PM, Aug 5, 2026
Share:


रॉबर्ट्सगंज-रायपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन की मात्रा, गुणवत्ता और ग्राहक सुविधाओं का निरीक्षण करते प्रशासनिक अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
आयुक्त विंध्याचल मंडल के निर्देश पर बुधवार को जिले में पेट्रोल पंपों की सघन जांच की गई। जिला प्रशासन, पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज-रायपुर मार्ग सहित जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर पेट्रोल-डीजल की मात्रा, गुणवत्ता और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज-रायपुर मार्ग स्थित करीब आधा दर्जन पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर डिस्पेंसिंग मशीनों की जांच की। अधिकारियों ने माप यंत्रों की सहायता से पेट्रोल और डीजल की मात्रा का परीक्षण किया तथा यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सही मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ईंधन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, शिकायत रजिस्टर, पेयजल, शौचालय तथा अन्य अनिवार्य ग्राहक सुविधाओं का भी जायजा लिया। टीम ने बिक्री रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का मिलान करते हुए संबंधित संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अचानक शुरू हुए जांच अभियान के दौरान कई स्थानों पर अधिकारी स्वयं मशीनों से तेल की माप कराते दिखाई दिए। पेट्रोल पंपों पर लगे माप उपकरणों की शुद्धता की भी जांच की गई, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की शिकायत का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान एसडीएम रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा और जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम आशीष त्रिपाठी ने बताया कि आयुक्त विंध्याचल मंडल के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम उपभोक्ताओं को सही मात्रा में गुणवत्तापूर्ण पेट्रोल-डीजल उपलब्ध हो तथा पेट्रोल पंपों पर शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
