Sonbhadra News: सघन पल्स पोलियो महाअभियान का शुभारंभ, 3.09 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद.
रविवार को सघन पल्स पोलियो महाअभियान का शुभारंभ सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया। जिले में पांच वर्ष तक के 3,09,381 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1099 बूथ, 36 ट्रांजिट और 7 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं।
sonbhadra
11:22 AM, Nov 22, 2026
Share:


एमओ रमेश कुमार मिश्रा ने शिशु को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिले में रविवार को ‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ स्लोगन के साथ सघन पल्स पोलियो महाअभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक के 3,09,381 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान रविवार से शुरू होकर शनिवार तक चलेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले में कुल 1099 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बूथों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद अगले दिन से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान में पांच वर्ष तक की उम्र के सभी बच्चों को शामिल किया जाएगा। विशेष बात यह है कि यदि किसी बच्चे ने अभियान के दौरान एक दिन पहले भी पोलियो की खुराक पी ली है, तब भी घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम उसे दोबारा खुराक पिलाएगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से छूटने न पाए। सीएमओ ने बताया कि भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो संक्रमण की समस्या बनी हुई है। ऐसे में दूसरे देशों से संक्रमण का खतरा बना रहता है। बच्चों को इस बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है। उन्होंने बताया कि घर-घर अभियान के बावजूद यदि कोई बच्चा छूट जाता है तो बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्टेटिक टीमों के माध्यम से पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। यदि कोई अभिभावक अपने बच्चे को पोलियो ड्रॉप पिलाने से इनकार करता है तो ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर प्रशासन के सहयोग से बच्चे को खुराक पिलाने का प्रयास किया जाएगा। सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए।


