Sonbhadra News: 28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो महाअभियान, 3.07 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक.
सोनभद्र में 28 जून से सघन पल्स पोलियो महाअभियान की शुरुआत होगी। अभियान के तहत जिले के 3,07,095 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। सीडीओ जागृति अवस्थी ने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
sonbhadra
1:58 PM, Jun 27, 2026
Share:


विकास भवन परिसर से निकाली गई पल्स पोलियो जनजागरूकता रैली में शामिल स्वास्थ्यकर्मी एवं नर्सिंग छात्र-छात्राएं।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जिले में 28 जून से सघन पल्स पोलियो महाअभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को विकास भवन परिसर से भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन
रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा पोलियो मुक्त राष्ट्र घोषित किया जा चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए देशभर में नियमित रूप से पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि नई पीढ़ी इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सके और पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि बरकरार रहे। उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर एवं आजीवन दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी है, लेकिन समय पर पिलाई गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को इससे सुरक्षित रखती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, चाहे उसे पहले कितनी भी बार दवा दी जा चुकी हो। साथ ही जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पोलियो बूथों के अलावा ट्रांजिट प्वाइंट और घर-घर जाकर दवा पिलाने की व्यापक व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर जाकर दवा पिलाएंगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि अभियान के तहत जिले के 3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, डीपीएम रिपुंजय श्रीवास्तव, डब्ल्यूएचओ के सुशील पाण्डेय, मनोज कुमार, राहुल कन्नौजिया, संजय कुमार सिंह, अंजनी पाण्डेय, एएनएम, आशा कार्यकर्त्रियां, साँई कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी एवं कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राएं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
