Sonbhadra News: म्योरपुर में अंतरप्रांतीय जुआ गैंग का पर्दाफाश, 20 आरोपी गिरफ्तार.
थाना म्योरपुर पुलिस ने ग्राम कुदरी में छापेमारी कर 20 जुआरियों को पकड़ा। अभिषेक वर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। ₹2.34 लाख नकद, 4 चारपहिया वाहन और 20 मोबाइल बरामद हुए। गिरोह का सरगना राजेश कुमार बताया गया है। जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
sonbhadra
5:56 PM, May 3, 2026
Share:


रात में तिरपाल पर चलता था जुआ का अड्डा, 4 चारपहिया वाहन, 20 मोबाइल फोन, 3 ताश की गड्डियां समेत लाखों बरामद।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने वाले अंतरप्रांतीय गैंग का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2,34,300 नकद, 04 चारपहिया वाहन, 20 मोबाइल फोन तथा 03 ताश की गड्डियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना म्योरपुर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, दिनांक 03 मई 2026 को थानाध्यक्ष म्योरपुर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चौकी लिलासी क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुदरी (भदहर टोला) में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर 20 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना म्योरपुर में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद चारपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आपस में परिचित हैं और समय-समय पर सुनसान स्थानों पर एकत्र होकर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों की बाजी लगाते थे। घटना के दिन भी सभी आरोपी ग्राम कुदरी में तिरपाल बिछाकर बैट्री लाइट की रोशनी में जुआ खेल रहे थे। पुलिस से बचने के लिए वे ऐसे स्थानों का चयन करते थे जहां आम लोगों की आवाजाही कम हो और अपने वाहनों को भी छिपाकर रखते थे। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन “ऑल आउट” के तहत की गई। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और कुछ अन्य जनपदों व राज्यों से भी इस गतिविधि में शामिल होते थे। गिरोह का सरगना ग्राम कुदरी निवासी राजेश कुमार को बताया गया है, जो अन्य अभियुक्तों को एकत्र कर जुआ खेलने की व्यवस्था करता था। उन्होंने यह भी बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है, ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
