Sonbhadra News: अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, बांग्लादेश बॉर्डर तक फैला था नेटवर्क, पुलिस की बड़ी कार्रवाई.
पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार किया। कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार। नेटवर्क का कनेक्शन दिल्ली से बांग्लादेश बॉर्डर तक जुड़ा मिला। पहले ही 1.19 लाख शीशियां बरामद कर चुकी है पुलिस। एसआईटी और प्रयागराज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से सफलता।
sonbhadra
4:18 PM, Apr 12, 2026
Share:


कोडीन कफ सिरप तस्करी में पिता-पुत्र गिरफ्तार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़े अंतरराज्यीय एवं क्रॉस बॉर्डर ड्रग तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एसआईटी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना रॉबर्ट्सगंज में पंजीकृत मामले की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक संगठित गिरोह दिल्ली स्थित “वान्या इंटरप्राइजेज” के माध्यम से कोडीन युक्त “एस्कफ कफ सिरप” की बड़ी खेप मंगाकर उसे अवैध रूप से अन्य राज्यों और अंतरराष्ट्रीय सीमा तक भेज रहा था। तस्कर इस नशीले सिरप को नमकीन और चिप्स के इनवॉइस पर कंटेनरों में छिपाकर बांग्लादेश सीमा (अगरतल्ला, त्रिपुरा) तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का खुलासा पहले भी हुआ था, जब 18 अक्टूबर 2025 को दो कंटेनरों से कुल 1,19,675 शीशियां कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई थीं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने 59,675 शीशियां बांग्लादेश बॉर्डर तक भेजी थीं। फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी एसआईटी टीम ने प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से 12 अप्रैल 2026 को संस्कार वर्मा (27 वर्ष) और विनोद कुमार वर्मा (50 वर्ष) को अतरसुइया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी आपस में पिता-पुत्र हैं और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोनभद्र लाकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े नामों का खुलासा जल्द किया जाएगा।
