Sonbhadra News: पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 58.75 लाख रुपये की अफीम, डोडा व कार बरामद.
चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद पंजाब निवासी मादक पदार्थ तस्कर प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी डाल्टनगंज से अफीम और डोडा लेकर लुधियाना जा रहा था। घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
sonbhadra
3:35 PM, Jun 1, 2026
Share:


तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य की अफीम, डोडा, कार, नकदी और अवैध असलहा बरामद किया है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रूणवाल एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में सोमवार तड़के थाना चोपन पुलिस, थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार तस्करों ने वाहन तेज गति से दौड़ाते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने कई बार पुलिस वाहन में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीछा करते-करते सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो गया।
विज्ञापन
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया इसी बीच स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने तत्परता दिखाते हुए अपनी निजी स्विफ्ट डिजायर कार पुलिस टीम को उपलब्ध करा दी, जिससे पुलिस ने पीछा जारी रखा। लगातार पीछा किए जाने पर तस्करों ने पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए रास्ते में नोटों की गड्डियां भी फेंकी, लेकिन पुलिस टीम अपने अभियान से पीछे नहीं हटी। इसके बाद रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के विरंजुआ इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर दी। भाग रहे तस्करों ने प्रदीप मोदनवाल की कार में भी टक्कर मार दी। जब खुद को चारों तरफ से घिरा पाया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ख्वाजके, थाना मेहरबान, जनपद लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद मादक पदार्थ झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र से खरीदकर पंजाब के लुधियाना ले जा रहा था और लंबे समय से इसी अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलोग्राम अफीम जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये तथा 225 किलोग्राम डोडा जिसकी अनुमानित कीमत 33.75 लाख रुपये है, बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार, 50 हजार रुपये नकद, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।
बरामद वाहन और अन्य सामान सहित कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 58.75 लाख रुपये बताई गई है। घटना के संबंध में थाना चोपन में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अभियान के दौरान पुलिस की मदद कर तस्करों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले सलखन निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल के साहसिक योगदान की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उन्हें 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदीप के सहयोग से ही अभियान को सफलता मिली और अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया जा सका।



