Sonbhadra News: उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारी हित के मुद्दे प्रमुखता से उठे, बैंकों को समयबद्ध ऋण निस्तारण के निर्देश.
उद्योग बंधु की बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारी और युवा हित से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। चुर्क रेलवे स्टेशन रोड की बदहाली और स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं में बैंकों की हीलाहवाली का मुद्दा उठाया गया। डीएम ने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और लापरवाही पर एफआईआर सहित कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
sonbhadra
7:10 PM, Aug 31, 2026
Share:


उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारी हित से जुड़े मुद्दों पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारी, युवा और नए उद्यमियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के साथ-साथ स्वरोजगार और ऋण योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों को प्रशासन के सामने रखा। बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल ने चुर्क रेलवे स्टेशन रोड की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं में बैंकों द्वारा की जा रही अनावश्यक हीलाहवाली का मामला भी बैठक में उठाया गया। व्यापार मंडल की ओर से बताया गया कि सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों द्वारा ऋण के लिए आवेदन किए जाने के बावजूद कई मामलों में बैंकों की ओर से अनावश्यक देरी की जाती है। इससे युवाओं, व्यापारियों और नए उद्यमियों को स्वरोजगार शुरू करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों को पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने में अनावश्यक लापरवाही या हीलाहवाली पाए जाने पर संबंधित बैंक के विरुद्ध एफआईआर सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को मुख्यमंत्री की विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा, व्यापारी और उद्यमी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को योजनाओं के आवेदनों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी के त्वरित एवं जनहितकारी निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन के इस तरह के सख्त निर्देशों से युवाओं, व्यापारियों और नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन सहित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने व्यापारी हित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन के साथ निरंतर सहयोग एवं संवाद बनाए रखने की बात कही।



