Sonbhadra News: संवरा में खराब मोबाइल नेटवर्क की शिकायत पर गांव पहुंची जियो की टीम.
बभनी के संवरा गांव में खराब मोबाइल नेटवर्क की शिकायत पर जियो के इंजीनियरों ने गांव पहुंचकर नेटवर्क व्यवस्था की जांच की। इंजीनियरों ने कम फ्रीक्वेंसी वाले टावर की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव भेजने की बात कही। ग्रामीणों ने बेहतर नेटवर्क नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
sonbhadra
4:50 PM, Sep 3, 2026
Share:


संवरा गांव में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति का जायजा लेते जियो कंपनी के इंजीनियर और ग्रामीण, टावर की तकनीकी जांच करते कर्मचारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी में मोबाइल नेटवर्क की खराब व्यवस्था से परेशान संवरा गांव के ग्रामीणों की शिकायत पर जियो कंपनी ने ध्यान दिया है। ग्रामीणों ने भाकपा जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में 18 अगस्त को जियो के जनरल मैनेजर को रजिस्टर्ड पोस्ट से शिकायत भेजकर नेटवर्क समस्या को हल करने की मांग की थी। शिकायत के बाद जियो के इंजीनियर अमर देव और नीरज कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने टावर वाली जगह और गांव के अलग-अलग टोलों में नेटवर्क की स्थिति की जांच की। इंजीनियरों ने बताया कि गांव में लगा टावर कम फ्रीक्वेंसी का है। नेटवर्क क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव कंपनी को भेजा जाएगा। भाकपा जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि सिर्फ एक किलोमीटर की नेटवर्क रेंज से पूरे गांव की जरूरत पूरी नहीं हो सकती। संवरा गांव और उसके टोलों को कम से कम 3 से 5 किलोमीटर तक अच्छा नेटवर्क कवरेज चाहिए। गांव में लगभग हर घर में 4-5 जियो सिम चल रहे हैं, लेकिन नेटवर्क न मिलने पर भी ग्रामीणों को लगातार रिचार्ज कराना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर फोन करने और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए इमरजेंसी फोन करने में भी दिक्कत होती है। यह स्थिति ग्रामीणों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर बात है। उन्होंने जियो कंपनी से मांग की कि ग्रामीणों से नियमित रिचार्ज लेने के साथ उन्हें अच्छी और गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क सुविधा भी दी जाए। उन्होंने कहा कि तुरंत ऐसी तकनीक या ज्यादा क्षमता वाला टावर लगाया जाए, जिससे पूरे गांव को अच्छी मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिल सके। देव कुमार विश्वकर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्दी हल नहीं निकला तो भाकपा ग्रामीणों को इकट्ठा कर धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और बड़ा जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान शिव नारायण गौड़, उदित, राधाकृष्ण दुबे, रामऔतार, राजेश कुमार, श्याम जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



