Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, आयशर वाहन से 22.50 लाख का गांजा बरामद, एक गिरफ्तार.
सोनभद्र में होली से पहले पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। साथ ही एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
sonbhadra
4:30 PM, Mar 1, 2026
Share:


पुलिस की दो टूक- जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार रहेगा जारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस गांजे की अनुमानित कीमत 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह खेप ओडिशा नंबर (OD19 X 8751) की एक आयशर वाहन से जब्त की गई। पुलिस ने मौके से ओडिशा निवासी चालक अनन्ता द्वारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर यह वाहन संदिग्ध हालत में खड़ी मिली थी। तलाशी के दौरान, वाहन में एल्यूमिनियम बंडलों के पीछे 8 प्लास्टिक बोरों में गांजा छिपाकर रखा गया था। कुल 150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया। गिरफ्तार चालक अनन्ता द्वारी ने पूछताछ में बताया कि उसे गांजा सप्लाई के लिए 50,000 रुपये की तय राशि में से 10,000 रुपये एडवांस मिले थे। उसने आर्थिक तंगी के कारण यह काम करने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, नगद धनराशि और वाहन संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन
इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार अन्य अभियुक्तों, बंशीधर, तिल्लू, साडू सीलू और वाहन स्वामी विकास अग्रवाल को पुलिस ने फरार बताया है। उनकी तलाश जारी है। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सोनभद्र के एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। होली से पहले सोनभद्र पुलिस को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करने में यह एक बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
