Sonbhadra News: कच्छा बनियान गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा, रेकी के बाद अपने साथियों को ट्रेन और बस द्वारा बुलाकर घटना को देते थे अंजाम.
सोनभद्र पुलिस ने कच्छा बनियान गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। इन बदमाशों को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के घसिया बस्ती के पास से पकड़ा गया। यह गिरोह दिन में फूल और गुब्बारे बेचकर रेकी करता था। फिर साथियों को ट्रेन और बस से बुलाकर घटना को अंजाम देता था।
sonbhadra
5:53 PM, Sep 19, 2025
Share:


6 बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 9 बदमाशों की पुलिस कर रही तलाश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व में हुए ज्वेलरी की दुकानों और घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घसिया बस्ती से गिरोह के छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हालांकि नौ सदस्य मौके से फरार होने में कामयाब हो गये। जिन्हें पुलिस जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस के पूछताछ में आरोपी बदमाशों ने खुलासा किया कि वो दिन में फूल और गुब्बारे बेचने वाले बनकर अगला शिकार करने के लिए रेकी करते थे। इसके बाद वे रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली सभागार में मामले का सनसनी खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने 27-28 जुलाई को ओबरा थाना क्षेत्र के एक मकान/ऑफिस से हुई नकदी चोरी, 27-28 अगस्त को रॉबर्ट्सगंज के नई बाजार स्थित बालाजी ज्वैलर्स से हुई चोरी और इसी तारीख को दुद्धी क्षेत्र के एक मकान की बाउंड्री तोड़कर हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है।
विज्ञापन
गैंग के छह सदस्यों को आज सुबह पुलिस लाइन मोड़ स्थित घसिया बस्ती से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 13 छोटी सफेद धातु की गिलास, 4 छोटे-बड़े प्लेट, 36 सफेद धातु और नग वाली अंगूठियां, 45,000 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड व अन्य सामान बरामद किया है। वही फरार हुए नौ अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे फूल या गुब्बारे बेचने के बहाने घूमते थे। वे अपने साथियों को बुलाकर झाड़ियों या जंगलों में अस्थायी डेरा बनाकर रुकते थे। उनके साथी ट्रेन या बस से आते थे। पहले से चिन्हित किए गए मकानों और दुकानों में वे योजनाबद्ध तरीके से रॉड और अन्य औजारों से ताला तोड़कर चोरी करते थे और घटना के बाद अपना ठिकाना बदल देते थे।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मध्य प्रदेश के रायसेन निवासी भीम सिंह (52 वर्ष) पुत्र दवार, प्रयागराज निवासी आनंद बंजारा (35 वर्ष) पुत्र भीम सिंह बंजारा, ग्रा० सेमरा निवासी सिपाही लाल (25 वर्ष) पुत्र केश बंजारा, मध्य प्रदेश के कटनी निवासी तान सिंह (35 वर्ष) गोड़ पुत्र मान सिंह गोड़, मध्य प्रदेश के रायसेन निवासी दुर्योधन पुत्र अनुप मोगिया और मध्य प्रदेश के होशंगाबाद निवासी कांजिरा बंजारा (22 वर्ष) पुत्र मंगल बंजारा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी अंतरप्रांतीय 'कच्छा-बनियान' गैंग से संबद्धता की पुष्टि की है।मौके का फायदा उठाकर फरार हुए नौ सदस्यों में कटनी (मध्य प्रदेश) निवासी आजाद पुत्र अंगुरिया, बीना (मध्य प्रदेश) निवासी राका, गोविंदा, गब्बर, काला पुत्र राका, कटनी (मध्य प्रदेश) निवासी सुकरिया पुत्र मेहलाल, गुना (मध्य प्रदेश) निवासी दिनेश उर्फ जिगर पुत्र संता, प्रयागराज निवासी दिनेश पुत्र भोपाली और गुना (मध्य प्रदेश) निवासी पपड़िया पुत्र पातेल शामिल हैं। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह, उप निरीक्षक दीनानाथ यादव, उप निरीक्षक ब्रह्मदिन यादव, उप निरीक्षक उमाशंकर यादव, उप निरीक्षक आशुतोष सिंह, हे०का० बहादुर राम, रामजीत शर्मा, अभिमन्यु यादव, संजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार व सत्येंद्र कुमार शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने इस टीम को 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।



