Sonbhadra News: 30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, तैयारियों में जुटा प्रशासन.
आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
sonbhadra
7:50 PM, Jul 22, 2026
Share:


कलेक्ट्रेट सभागार में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से पवित्र जल लेकर शिवद्वार मंदिर तक पैदल एवं वाहनों से पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विजयगढ़ क्षेत्र में पेयजल, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत एवं पैचवर्क युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग पर ढीले तारों की मरम्मत कर विद्युत लाइनों को सुरक्षित बनाने तथा पूरी यात्रा अवधि में स्ट्रीट लाइटों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायत एवं पंचायत राज विभाग को यात्रा मार्ग, विजयगढ़ क्षेत्र और शिवद्वार मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय, टेंट एवं विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कांवड़ यात्रा की प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। इसके लिए पूर्व सत्यापन कर डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यात्रा मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, शिवद्वार मंदिर के पुजारी, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



