Sonbhadra News: एक माह से अंधेरे में खिरवा टोला, ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन.
म्योरपुर ब्लॉक के राजासरयी गांव के खिरवा टोला में एक माह से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। नाराज ग्रामीणों ने रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
sonbhadra
8:32 PM, Aug 16, 2026
Share:


खिरवा टोला में एक माह से खराब ट्रांसफार्मर के विरोध में प्रदर्शन कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग करते ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, म्योरपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
म्योरपुर ब्लॉक के राजासरयी गांव के खिरवा टोला में करीब एक माह से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। लगातार शिकायत के बावजूद खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक माह पहले टोले में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए निर्धारित समय सीमा होने के बावजूद विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। एक माह से बिजली नहीं मिलने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। रात के समय अंधेरा रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल खराब ट्रांसफार्मर हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे संबंधित सब-स्टेशन का घेराव कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली संकट झेलने के बाद अब उनके सामने आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। प्रदर्शन के दौरान राजू पांडेय, सुखयी राम, आयुष पांडेय, रामभजन, जिंदलाल गोड़, रमेश, कमलेश, सुरेश, अखिलेश, अनिता, सीमा, रोली और शिव प्रसाद गोड़ सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
