Sonbhadra News: किसानों के मुद्दों पर गरजा किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा, बड़े आंदोलन की चेतावनी.
सोनभद्र में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने फार्मर रजिस्ट्री की खामियों, खाद संकट और किसानों को गैलन-जरकिन में डीजल न मिलने के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन सड़क से सदन तक आंदोलन करेगा। मोर्चा ने खाद की रैक सीधे सोनभद्र में उतारने और फार्मर रजिस्ट्री की तकनीकी खामियां दूर करने की मांग की।
sonbhadra
4:33 PM, Jun 16, 2026
Share:


कलेक्ट्रेट में किसानों की समस्या को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मौर्चा ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, रॉबर्ट्सगंज।
सोनभद्र।
विज्ञापन
किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के संयोजक संदीप मिश्रा ने फार्मर रजिस्ट्री में खामियों, खाद की उपलब्धता में देरी, डीजल-पेट्रोल वितरण व्यवस्था और छोटे कारोबारियों के कथित उत्पीड़न को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। संदीप मिश्रा ने कहा कि हाल ही में डीजल वितरण को लेकर लागू किए गए नियम किसानों के हित में नहीं हैं। उनका आरोप है कि किसानों को उनके गैलन और जरकिन में डीजल देने में अनावश्यक बाधाएं पैदा की जा रही हैं, जबकि खेती-किसानी के लिए डीजल सबसे जरूरी संसाधनों में से एक है। उन्होंने मांग की कि किसानों को बिना किसी परेशानी के खेती संबंधी कार्यों के लिए डीजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री में तकनीकी खामियों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि जिन किसानों की जमीन एक से अधिक गांवों में दर्ज है, उनकी पूरी भूमि का विवरण पोर्टल पर दर्ज नहीं हो पा रहा है। इससे भविष्य में किसानों को खाद, बीज और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पोर्टल की खामियां दूर कर सत्यापन अभियान चलाने की मांग की। मोर्चा ने खाद संकट को लेकर भी चिंता जताई। संगठन का कहना है कि सोनभद्र के लिए आने वाली खाद की रैक वाराणसी और मिर्जापुर में उतारी जाती है, जिससे परिवहन लागत बढ़ने के साथ किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पाती। उन्होंने खाद की रैक सीधे सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर उतारने की मांग की। इसके अलावा धधरौल डैम क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे छोटे दुकानदारों और किसानों के कथित उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया गया। संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि किसानों और छोटे व्यवसायियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगा। इस दौरान आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, मनोज अग्रहरी, राजेश मौर्य, नंदू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
