Sonbhadra News: कुलडोमरी की बंधी बनी काल, तीन जिंदगियां खत्म, बचाने की कोशिश में भाई-बहन और बहनोई की मौत.
अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बिरनबहरा टोले में रविवार सुबह बंधी में डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भूतहवा नाले के पास नहाने के दौरान बहन उर्मिला और बहनोई अनिल गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को बचाने के लिए 15 वर्षीय भाई राजू भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन तीनों गहरे पानी में समा गए। हादसे में तीन मौतों से परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
sonbhadra
8:05 PM, Nov 15, 2026
Share:


जलाशय में डूबे लोगों को बाहर निकालने के लिए पानी में उतरे बचावकर्मी, मौके पर जुटी पुलिस और ग्रामीणों की भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बिरनबहरा टोला में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने गए एक ही परिवार के तीन सदस्य गहरे पानी में डूब गए। हादसे में 19 वर्षीय युवती, उसका 15 वर्षीय भाई और 22 वर्षीय बहनोई की मौत हो गई। तीनों के शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह उर्मिला, उसका भाई राजू और बहनोई अनिल शर्मा भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक उर्मिला और अनिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को संकट में देखकर राजू उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गया। हालांकि, पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वह भी डूबने लगा। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को जानकारी हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव एवं तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान उर्मिला (19) पुत्री राम प्रसाद, राजू (15) पुत्र राम प्रसाद और अनिल शर्मा (22) के रूप में हुई है। एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी का माहौल रहा होगा, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और मातम छाया हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से बिरनबहरा टोला सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


