Sonbhadra News: लेखपाल संघ ने लगाया रक्तदान शिविर, जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए 25 यूनिट का लक्ष्य.
ओबरा में लेखपाल संघ की ओर से जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। तहसील अध्यक्ष कुलदीप सिंह के अनुसार, शिविर में 25 यूनिट का लक्ष्य रखा गया। डॉ. पेटीश्री ने थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया के मरीजों की मदद के लिए युवाओं से रक्तदान करने की अपील की।
sonbhadra
3:00 PM, Oct 12, 2026
Share:


रक्तदान शिविर के दौरान मोबाइल ब्लड कलेक्शन वाहन में रक्तदान करते लोग, जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए बढ़े हाथ।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
लेखपाल संघ की ओर से ओबरा तहसील में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में कुल 25 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। शिविर में सोनभद्र के सरकारी अस्पताल से भी मेडिकल टीम पहुंची। लेखपाल संघ के ओबरा तहसील अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि संघ का आंदोलन चलने के दौरान ही रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अब आंदोलन वापस हो चुका है, लेकिन रक्तदान सामाजिक, जनहित और राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए संघ ने कार्यक्रम को जारी रखने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की मदद करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वहीं, ऑटोनॉमस ब्लड सेंटर की मेडिकल ऑफिसर डॉ. पेटीश्री ने रक्तदान शिविर को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया गया। इसमें 25 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। मेडिकल टीम का प्रयास है कि अधिक से अधिक रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने में मदद की जा सके। डॉ. पेटीश्री ने बताया कि थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों को कई बार नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए ब्लड सेंटर में पर्याप्त रक्त होना जरूरी है। रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं होता, बल्कि स्वस्थ लोगों के स्वैच्छिक रक्तदान से ही जरूरतमंदों की सहायता संभव होती है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान को लेकर भय और झिझक दूर करने की अपील की। कहा कि युवाओं और शिक्षित लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकती है। लेखपाल संघ की इस पहल के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया गया।


