मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news life of woman admitted for delivery saved new born safe allegations of negligence on hospital management

Sonbhadra News: प्रसव के लिए भर्ती महिला की गईं जान, नवजात सुरक्षित, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप.

कोन थाना क्षेत्र के ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में प्रसव के लिए भर्ती आशा बहू सीमा देवी (38) पत्नी देवनारायण, निवासी सिंगा बागेसोती की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला को सोमवार रात प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई और उचित उपचार न मिलने से उसकी मौत हो गई।

sonbhadra

12:42 PM, May 30, 2026

Share:

Sonbhadra News: प्रसव के लिए भर्ती महिला की गईं जान, नवजात सुरक्षित, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप.
logo

प्रसव के दौरान आशा बहू सीमा देवी की मौत से आक्रोश।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।

सोनभद्र।

जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई आशा बहू की ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के साथ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका की पहचान सीमा देवी (38 वर्ष) पत्नी देवनारायण, निवासी सिंगा बागेसोती के रूप में हुई है, जो स्वयं आशा बहू के पद पर कार्यरत थीं। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें एंबुलेंस से कोन स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था।

Img

परिवार का कहना है कि सीमा देवी के पहले चार प्रसव सामान्य तरीके से हुए थे, लेकिन इस बार अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था न होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय रहते समुचित उपचार नहीं दिया गया। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल छोड़कर चले गए, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने आरोप लगाया कि निजी अस्पतालों में मानकों की अनदेखी कर इलाज किया जा रहा है, जिसका खामियाजा मरीजों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

विज्ञापन

Img

ग्रामीणों ने दोषी चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर कोन पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का आक्रोश देर तक बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अस्पताल पहले भी विवादों में रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में भी कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण यहां एक युवक की मौत हुई थी, जिसके बाद अस्पताल पर कार्रवाई की चर्चा हुई थी। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया कि यदि अस्पताल के खिलाफ पहले शिकायतें थीं तो उसका संचालन दोबारा कैसे शुरू हुआ और वहां ऑपरेशन जैसी सेवाएं किस अनुमति के आधार पर संचालित की जा रही थीं। इसी बीच अस्पताल में भर्ती एक अन्य प्रसूता कुसुमरी देवी (35 वर्ष) पत्नी विदेशी घसिया, निवासी लौकवाखाड़ी बागेसोती की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि तीन दिन पूर्व इसी अस्पताल में उनका ऑपरेशन हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की मौजूदगी में सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।

Img

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। आशा बहू की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि यह घटना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.