मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news long queue of consumers for gas cylinder allegation of wandering for many days

Sonbhadra News: गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार, कई दिनों से चक्कर काटने का आरोप.

रॉबर्ट्सगंज में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि कई दिनों से नंबर लगाने और घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा। मेहुरी कला की एक महिला ने एजेंसी और वितरण केंद्र के चक्कर कटवाने का आरोप लगाया, जबकि अन्य उपभोक्ताओं ने टालमटोल और अव्यवस्था की शिकायत की है। जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई है।

sonbhadra

8:38 PM, May 21, 2026

Share:

Sonbhadra News: गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार, कई दिनों से चक्कर काटने का आरोप.
logo

भीषण गर्मी में बिना खाए-पीए लाइन में खड़े रहने को मजबूर लोग।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।

सोनभद्र।

रॉबर्ट्सगंज में भीषण गर्मी के बीच घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी और वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मेहुरी कला निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि वह सुबह 8 बजे से गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगी हुई हैं, लेकिन देर शाम तक उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। महिला का कहना है कि उसने मोबाइल के माध्यम से पहले ही गैस बुक कर ली थी, इसके बावजूद एजेंसी पहुंचने पर कर्मचारियों ने उसे किसी दूसरे वितरण केंद्र पर भेज दिया।

वहां पहुंचने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला और फिर वापस एजेंसी जाने को कहा गया। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले एक सप्ताह से 10 दिन तक वह लगातार नंबर लगाकर एजेंसी और वितरण केंद्रों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं दी जा रही, जबकि ब्लैक में ऊंची कीमत लेकर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की चर्चाएं क्षेत्र में हो रही हैं। हालांकि इस संबंध में एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उधर, गैस वितरण केंद्र पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने भी अव्यवस्था का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि सुबह 8 बजे से बिना खाए-पीए लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि चार-चार दिन से नंबर लगाने के बाद भी उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई। भीषण धूप और गर्मी के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है तथा कई लोगों को चक्कर आने की शिकायत भी हुई।

Img

खुरिया करमा निवासी आयुष कुमार जायसवाल ने बताया कि वह सुबह 6 बजे से गैस एजेंसी पर इंतजार कर रहे हैं। पहले उन्हें 8 बजे सिलेंडर मिलने की बात कही गई, फिर 10 बजे, 12 बजे, 2 बजे और बाद में 3 बजे का समय दिया गया। इसके बावजूद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि उनके आगे लाइन में खड़े कई लोग घंटों इंतजार के बाद वापस लौट गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण में लगातार टालमटोल की जा रही है और वाहन तथा सप्लाई की कमी का हवाला देकर लोगों को घंटों इंतजार कराया जा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.