Sonbhadra News: नशे में धुत ऑटो चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा, 32 वर्षीय महिला की मौत, कई घायल.
जुगैल थाना क्षेत्र के सेमिया गांव के पास ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे खाई में पलट गया। हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। चालक के नशे में होने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है।
sonbhadra
7:42 PM, May 11, 2026
Share:


ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलटी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश से चोपन की ओर जा रहा एक ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया के नीचे खाई में पलट गया। हादसे के पीछे चालक का नशे में होना और तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में पेटराही रॉबर्ट्सगंज निवासी निशा देवी (32) पत्नी सुनील पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। निशा देवी अपने पति सुनील पांडेय (35) के साथ मध्य प्रदेश के देवसर स्थित अपने भाई के यहां से वापस लौट रही थीं। घटना में हरिकेश (40) निवासी बिल्ली ओबरा, राजेंद्र पुत्र होरा निवासी महोबा उत्तर प्रदेश, सोनी पुत्री कल्लू केवट (18) निवासी सेमिया सहित अन्य लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिससे वाहन अपनी लेन छोड़कर सड़क के दक्षिण तरफ पुलिया के नीचे जा गिरा।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर पीआरबी 112 और जुगैल पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, सीएचसी चोपन में तैनात डॉ. अभय सिंह ने बताया कि ऑटो दुर्घटना में चार घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें एक महिला की मौत हो चुकी थी। एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो अन्य का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
जुगैल पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



