Sonbhadra News: घोरावल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.70 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार.
घोरावल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तिलौली मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में 23.70 ग्राम हेरोइन, ₹1300 नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। अभियुक्त हेरोइन को पुड़िया बनाकर अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया।
sonbhadra
7:19 PM, Apr 22, 2026
Share:


बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र.
जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घोरावल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 23.70 ग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत लगभग ₹3 लाख), नकद ₹1300, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना घोरावल पुलिस टीम ने मुंगेहरी नहर पुलिया से लगभग एक किलोमीटर आगे तिलौली जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 23.70 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। साथ ही ₹1300 नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन को खरीदकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर विभिन्न स्थानों पर बेचते थे। इस मामले में थाना घोरावल पर मुकदमा अपराध संख्या 84/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया है तथा बिना कागजात की मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त: अंकित कुमार कोल पुत्र रमाशंकर कोल, निवासी खुडिया थाना करमा, सोनभद्र, अंकित पटेल पुत्र चन्द्रभान पटेल, निवासी पुरखास थाना करमा, सोनभद्र। अपराधिक इतिहास: अंकित कुमार कोल के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित मुकदमा थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर में दर्ज है। बरामदगी: 23.70 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ₹3 लाख) ₹1300 नकद, 02 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 01 पल्सर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट), पुलिस टीम: इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अवधेश खरवार, हेड कांस्टेबल राज सिंह राणा, हेड कांस्टेबल महताब खां तथा चालक हेड कांस्टेबल संजय सिंह यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
