Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 लाख की अवैध शराब बरामद.
ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग से डीसीएम में लदी 464 पेटियों में 13,296 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। करीब 33 लाख रुपये की शराब के साथ 27 लाख रुपये कीमत का डीसीएम, मोबाइल और 1,200 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने हरियाणा निवासी करन सिंह को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
6:07 PM, Sep 2, 2026
Share:


अवैध शराब की बरामदगी के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ गिरफ्तार आरोपी और जब्त शराब की पेटियां।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग से डीसीएम आइसर ट्रक में लदी 464 पेटियों में 13,296 शीशी यानी 4077.36 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का डीसीएम ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। शराब और वाहन समेत कुल बरामदगी करीब 60 लाख रुपये की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 2 सितंबर 2026 को करीब 1:17 बजे की गई। पिपरी पुलिस टीम हाईटेक रेलवे क्रासिंग, मुर्धवा चर्च के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी है, जिसे मुर्धवा तिराहा होते हुए बिहार और झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुर्धवा तिराहा से कुछ दूरी पर रनटोला की ओर मोड़ के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुर्धवा की ओर से एक डीसीएम आइसर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर आगे बढ़ने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 200 मीटर आगे ट्रक को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम करन सिंह पुत्र सुरेश कुमार, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी देव नगर, थाना भिवानी, हरियाणा बताया। तलाशी के दौरान ट्रक से 464 पेटियों में शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ‘FOR SALE PUNJAB ONLY’ अंकित था। चालक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात या बिल्टी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे हरियाणा में एक व्यक्ति ने ट्रक ले जाने के लिए दिया था। शुरुआत में ट्रक में जलजीरा कोल्ड ड्रिंक होने की बात बताई गई थी, बाद में अंग्रेजी शराब होने की जानकारी दी गई। शराब बिहार पहुंचाने के लिए कहा गया था। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



