Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई, 118.670 किलो गांजा के साथ ओडिशा के तीन तस्कर गिरफ्तार.
ऑपरेशन शुद्धि के तहत करमा पुलिस और एसओजी ने 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो कारें, पांच मोबाइल फोन और 8,280 रुपये नकद भी बरामद किए। गांजा, वाहनों और अन्य सामान सहित कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है।
sonbhadra
4:30 PM, Oct 16, 2026
Share:


ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर दो कारों से भारी खेप बरामद की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत करमा पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो कारों से कुल 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है, जबकि गांजा तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों, पांच मोबाइल फोन और 8,280 रुपये नकद सहित कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को करमा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंडवारी की ओर से आ रही दो संदिग्ध कारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवारों ने वाहन रोकने के बजाय पीछे मुड़कर भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर छोटे-छोटे पैकेटों में टेप से लिपटा कुल 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से महिंद्रा एक्सयूवी-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार को भी कब्जे में लिया। इसके साथ पांच मोबाइल फोन और 8,280 रुपये नकद बरामद किए गए। ओडिशा से गांजा लाकर मीरजापुर में सप्लाई करने की थी योजना, पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत बारिक उर्फ कानू, रविन्द्र नायक और मोहम्मद दानिश आलम के रूप में हुई है। तीनों ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे और इसे मीरजापुर में किसी व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गांजा पहुंचाने के बदले प्रत्येक आरोपी को 15 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसे गांजे की खेप पहुंचाई जानी थी। साथ ही तस्करी के स्रोत, खरीददारों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन
अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश जारी-:
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धि के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि करमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यह सफलता हासिल की। दोनों कारों से बरामद 118 किलो 670 ग्राम गांजे की कीमत लगभग 60 लाख रुपये है, जबकि वाहनों और अन्य सामान सहित कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये है। एएसपी के अनुसार, पूछताछ में ओडिशा के सुंदरगढ़ से गांजा लाकर सोनभद्र के रास्ते मीरजापुर में सप्लाई करने की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। फिलहाल उनके पुराने आपराधिक मामलों के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य संदिग्ध सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि सोनभद्र के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में शामिल टीम को पुलिस अधीक्षक की ओर से पुरस्कृत किए जाने की बात भी अपर पुलिस अधीक्षक ने कही।


