Sonbhadra News: कुएं में मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप.
सोनभद्र के करकच्छी गांव में 23 वर्षीय सखीना का शव कुएं में मिला, पति ने पानी भरते समय गिरकर मौत होने की बात कही है, वहीं, मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है, शव पर चोट के निशान होने से मामला संदिग्ध बताया जा रहा है, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
sonbhadra
4:43 PM, Apr 10, 2026
Share:


शव पर चोट के निशान होने से मामला संदिग्ध, दामाद पर हत्या का आरोप।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में शुक्रवार को एक महिला का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, करकच्छी निवासी 23 वर्षीय सखीना पत्नी विशाल का शव शुक्रवार को कुएं में मिला। मृतका के पति विशाल ने पुलिस को बताया कि सखीना कुएं पर पानी भरने गई थी, जहां पानी भरते समय वह कुएं में गिर गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतका के पिता गुड्डू पुत्र सुखराज, निवासी अंजानी, थाना बीजपुर ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। गुड्डू ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनके दामाद विशाल ने फोन कर कहा कि उनकी बेटी झगड़ा कर परेशान कर रही है। जब उन्होंने बेटी से बात कराने को कहा, तो विशाल ने यह कहकर फोन काट दिया कि वह अभी सो रही है। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे उनके बड़े साले तुलसी का फोन आया कि उनकी बेटी कुएं में गिर गई है और उसकी मौत हो गई है। गुड्डू ने आगे बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो बेटी का शव कुएं से बाहर निकाला जा चुका था। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी के गले, चेहरे और माथे पर चोट के निशान थे। गुड्डू का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत कुएं में गिरने से नहीं हुई है, बल्कि उसे मारकर कुएं में डाला गया है। मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने इस संबंध में बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मामले में विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
