Sonbhadra News: 225 जोड़ों का सामूहिक विवाह, 216 ने लिए सात फेरे तो 9 का हुआ निकाह.
सोनभद्र के डायट परिसर उरमौरा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। 216 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 9 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए सहायता राशि और उपहार सामग्री दी गई, अगला आयोजन नवंबर में प्रस्तावित है।
sonbhadra
7:00 PM, Oct 26, 2026
Share:


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को आशीर्वाद देते जनप्रतिनिधि, विवाह में शामिल हुए सैकड़ों परिवार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
डायट परिसर उरमौरा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
विज्ञापन
216 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 9 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए सहायता राशि और उपहार सामग्री दी गई, अगला आयोजन नवंबर में प्रस्तावित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने अवगत कराया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन सोनभद्र के कुशल पर्यवेक्षण में दिनांक 26 अक्टूबर, 2026 को डायट परिसर, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 225 जोड़ों का उनके रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 216 हिन्दू एवं 09 मुस्लिम जोड़े सम्मिलित रहे। विकास खण्ड रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 19, चतरा के 11, नगवां के 05, दुद्धी के 15, म्योरपुर के 43, घोरावल के 29, चोपन के 21, कोन के 08, बभनी के 24 तथा नगर पालिका क्षेत्र के 12 पात्र जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मा० राज्य मंत्री, समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड, मा० ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत, मा० ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह, मा० ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग एवं पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों द्वारा अपेक्षित सहयोग प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया कि शासनादेश के अनुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर कुल ₹1,00,000 की धनराशि व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना हेतु ₹64,000 की सहायता राशि कन्या के खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त ₹21,000 की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई, जिसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान सहित अन्य सामग्री सम्मिलित है। वहीं, भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रति जोड़ा ₹15,000 व्यय किया गया। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनपद में आगामी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम दिनांक 15 नवम्बर से 25 नवम्बर, 2026 के मध्य प्रस्तावित है।



