Sonbhadra News: नवीन सब्जी मंडी में भीषण आग, 30 फर्में और 50 दुकानें प्रभावित; 25 से 30 लाख के नुकसान का अनुमान.
रॉबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में आलू, प्याज, लहसुन, फल, दो बाइक और एक कार क्षतिग्रस्त हुई, व्यापारियों ने 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया। विधायक भूपेश चौबे ने नुकसान का आकलन कराकर मुआवजे का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
sonbhadra
10:49 AM, Oct 20, 2026
Share:


नवीन सब्जी मंडी में भीषण आग से लाखों का सामान जलकर राख, विधायक भूपेश चौबे ने व्यापारियों को मुआवजे का आश्वासन दिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज स्थित नवीन सब्जी मंडी समिति में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। मंडी के टीनशेड नंबर-दो में लगी आग ने देखते ही देखते कई दुकानों और फर्मों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 30 फर्मों और 50 लाइसेंसी दुकानों को नुकसान पहुंचा है। व्यापारियों ने लगभग 25 से 30 लाख रुपये की क्षति का अनुमान जताया है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन होना अभी बाकी है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10:30 से 11 बजे मंडी में अचानक आग लग गई। रात का समय होने के कारण शुरुआत में लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। आग की लपटें तेज होने पर मंडी में अफरा-तफरी मच गई। दुकानों में रखा आलू, प्याज, लहसुन, केला, फल, कैरेट, 30 इलेक्ट्रॉनिक कांटा मशीनें और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में दो मोटरसाइकिल और एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकानों में रखी नकदी जलने की बात भी व्यापारियों ने बताई है। इस घटना में जगदीश उर्फ राजू सोनकर की दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा। बताया गया कि वह दुकान के अंदर सो रहे थे। आग से दुकान का सामान और काउंटर में रखी नकदी जलकर राख हो गई। मंडी समिति संघ के अध्यक्ष राकेश सोनकर, प्रदीप सोनकर, करण सोनकर और राणा सोनकर समेत अन्य कारोबारियों की दुकानों और फर्मों को भी नुकसान पहुंचा है। व्यापारियों के सामने अब कारोबार दोबारा शुरू करने और माल की देनदारी चुकाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
दमकल की देरी पर उठे सवाल-:
व्यापारियों का आरोप है कि आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि यदि दमकल वाहन समय से पहुंचते तो नुकसान कम हो सकता था। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग दो बजे आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
विधायक ने दिए नुकसान के आकलन के निर्देश-:
घटना की सूचना पर सीओ रणधीर मिश्रा और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सदर विधायक भूपेश चौबे ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण जांच का विषय है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित व्यापारियों को चिन्हित कर नुकसान का आकलन करने और क्षतिपूर्ति का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, जबकि कुछ व्यापारियों ने साजिश की आशंका व्यक्त की है। इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मंडी की अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की मांग भी उठ रही है।



