Sonbhadra News: क्लोरीन गैस रिसाव से निपटने के लिए ओबरा तापीय परियोजना में मेगा मॉक ड्रिल, 200 कर्मियों ने लिया हिस्सा.
ओबरा तापीय परियोजना में शुक्रवार को क्लोरीन गैस रिसाव से निपटने के लिए मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। CISF, NDRF, स्थानीय पुलिस, मेडिकल और सेफ्टी टीम सहित विभिन्न एजेंसियों के करीब 200 कर्मियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास में गैस रिसाव नियंत्रण, क्षेत्र की घेराबंदी, लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू और घायलों को चिकित्सा सहायता पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया।
sonbhadra
5:26 PM, Nov 27, 2026
Share:


ओबरा तापीय परियोजना में क्लोरीन गैस रिसाव की मेगा मॉक ड्रिल में एजेंसियों ने समन्वय दिखाया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ओबरा।
सोनभद्र।
विज्ञापन
औद्योगिक सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को ओबरा तापीय परियोजना (CTPS) परिसर में क्लोरीन गैस रिसाव पर आधारित मेगा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। 27 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित इस अभ्यास में CISF, NDRF, स्थानीय पुलिस, मेडिकल टीम, सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के लगभग 200 कर्मियों ने भाग लिया। मेगा मॉक ड्रिल का नेतृत्व CISF कमांडेंट सतीश कुमार सिंह, ओबरा क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, NDRF के डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह और परियोजना के अधीक्षण अभियंता (SE) संजय पांडेय के संयुक्त निर्देशन में किया गया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन सायरन बजते ही CISF और अन्य संबंधित टीमों ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। मॉक ड्रिल में क्लोरीन गैस रिसाव को नियंत्रित करने, संवेदनशील क्षेत्र की घेराबंदी करने, प्रभावित स्थल से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। इस संयुक्त अभ्यास में CISF, प्लांट एवं लेबर कर्मचारी, NDRF, मेडिकल टीम, सेफ्टी विभाग और स्थानीय पुलिस के जवानों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी एजेंसियों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपसी तालमेल और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के समापन पर अधिकारियों ने सभी टीमों के बेहतर समन्वय और रिस्पांस टाइम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से वास्तविक आपातकालीन स्थिति या औद्योगिक दुर्घटना के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित तालमेल स्थापित करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने में मदद मिलती है। अधिकारियों के अनुसार ऐसे अभ्यासों का मुख्य उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करना तथा सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।


